नवादा में नई चीनी मिल के लिए भूमि का निरीक्षण, 100 एकड़ जमीन चिन्हित

by Manu
नवादा चीनी मिल

नवादा, 01 अप्रैल 2026: गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव सह जिला प्रभारी सचिव नवादा, के. सेंथिल कुमार (भा.प्र.से.) ने बुधवार को नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड अंतर्गत मौजा मकनपुर में प्रस्तावित चीनी मिल स्थापना के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने भूमि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एडीएम, एसडीएम, सहायक ईखायुक्त वेदव्रत कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य सरकार द्वारा बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू कराने के साथ-साथ 25 नई चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर मौजा में लगभग 100 एकड़ उपयुक्त भूमि का चयन और चिन्हीकरण किया गया है।

मकनपुर एवं आसपास का क्षेत्र गन्ना खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। यहां की उपजाऊ भूमि और बेहतर सिंचाई व्यवस्था उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना उत्पादन के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करती है। चयनित स्थल तक अच्छी सड़क सुविधा भी उपलब्ध है।

क्षेत्र में वर्ष 1993 से बंद पड़ी चीनी मिल के पुनः संचालन और नई मिल स्थापना की संभावना से स्थानीय किसानों में उत्साह का माहौल है। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक और प्रेरित किया जाए, ताकि प्रस्तावित मिल को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती करें।

ये भी देखे: समृद्धि यात्रा: नवादा में सीएम नीतीश कुमार ने 244 करोड़ रुपये की 21 योजनाओं का किया शिलान्यास

You may also like