हरियाणा के रेवाड़ी से जयपुर तक नई रेल लाइन को मिली मंजूरी, सर्वे के लिए 5.73 करोड़ रुपये स्वीकृत

by Manu
New Rail Line

चंडीगढ़, 23 मार्च 2026: रेल मंत्रालय ने हरियाणा के रेवाड़ी से राजस्थान के जयपुर तक नीमराणा होते हुए 191 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस सर्वे के लिए लगभग 5.73 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

यह परियोजना हरियाणा और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी जिसमें रूट का अंतिम निर्धारण स्टेशनों के स्थान और अन्य तकनीकी पहलुओं का पूरा विवरण होगा।

इस नई रेल लाइन से दक्षिण हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी। साथ ही नीमराणा के औद्योगिक क्षेत्र को सीधा रेल कनेक्शन मिलेगा। यहां जापानी निवेश क्षेत्र (जापानीज इंडस्ट्रियल टाउनशिप) भी स्थित है। इससे माल ढुलाई सस्ती होगी और लॉजिस्टिक्स अधिक कुशल बनेगी।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी।

ये भी देखे: मोदी कैबिनेट ने दी दिल्ली-अंबाला नई रेल लाइन को हरी झंडी, 194 किमी लंबी परियोजना

You may also like