चंडीगढ़, 17 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी में सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर विशाल जनसमागम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
समागम से पहले मुख्यमंत्री ने धूरी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नए सरकारी अस्पताल का लोकार्पण किया। इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति का बड़ा कदम करार दिया जा रहा है। इस अस्पताल से अब स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
संगरूर जिले के धूरी हलके में आयोजित इस जनसभा में भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए हर वादे को जमीनी हकीकत में बदल दिया है। उन्होंने प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा पूरी तरह लागू हो चुका है। इससे लाखों परिवारों का बिजली बिल का बोझ खत्म हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही बिजली बिलों में एक अलग राहत राशि या ‘कट’ के रूप में और लाभ मिलेगा।
महिलाओं के खाते में 1000 और 1500 रुपये मासिक देने की योजना पर भी काम तेजी से चल रहा है। भगवंत मान ने कहा कि यह प्रक्रिया बहुत जल्द धरातल पर दिखाई देगी और महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
विरोधियों पर तीखा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उनके पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। जो काम अभी अधूरे हैं उन्हें आने वाले एक साल के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अब विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम हो रही है।
ये भी देखे: पंजाब बजट 2026-27 में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के लिए 2,000 करोड़ का आवंटन