अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर किया हमला, तेहरान में कई धमाके, खामेनेई सुरक्षित जगह भेजे गए

by Manu
Israel US Attack on Iran

तेहरान, 28 फरवरी 2026: ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इज़राइल ने तेहरान समेत ईरान के कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर संयुक्त हमला किया है। इज़राइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इसे “पूर्व-निवारक हमला” (pre-emptive strike) बताया है। हमले का उद्देश्य इज़राइल के खिलाफ खतरों को खत्म करना है।

तेहरान में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं और शहर के डाउनटाउन इलाके में धुआं उठता देखा गया। हमले में ईरान के कई मंत्रालयों, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इंटेलिजेंस विभाग और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास के इलाकों को निशाना बनाया गया है। ईरानी मीडिया ने तेहरान के कई हिस्सों में विस्फोटों की पुष्टि की है।

ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई तेहरान में नहीं हैं। उन्हें एक “सुरक्षित स्थान” पर ले जाया गया है।

इज़राइल ने हमले का वीडियो जारी किया है जिसमें कई रॉकेट दागे जाते दिख रहे हैं। इज़राइल में सायरन बज रहे हैं क्योंकि ईरान से जवाबी मिसाइल हमलों की आशंका जताई जा रही है। इज़राइल ने पूरे देश में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

ये भी देखे: ईरान में तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों को तुरंत किसी भी हालत में देश छोड़ने को कहा, एडवाइजरी जारी

You may also like