खरखौदा में विजिलेंस ने महिला ब्लॉक पटवारी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

by Manu
Vigilance Bureau

सोनीपत, 09 फ़रवरी 2026: सोनीपत जिले के खरखौदा में विजिलेंस ब्यूरो ने एक महिला ब्लॉक पटवारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान सुदेश के रूप में हुई है। कार्रवाई गांव सिसाना निवासी अनिल की शिकायत पर हुई।

शिकायतकर्ता अनिल ने आरोप लगाया था कि पटवारी सुदेश ने पंचायती जमीन का मालिकाना हक दिलवाने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस रोहतक की टीम ने पहले प्राथमिक जांच की। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप लगाया गया।

तय योजना के मुताबिक रिश्वत की रकम बीडीपीओ कार्यालय के अंदर चल रही एक चाय की दुकान पर दी गई। यह राशि चाय वाले को सौंपी गई ताकि आगे पटवारी तक पहुंचाई जा सके। जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ विजिलेंस टीम ने मौके पर छापा मारा। पटवारी सुदेश को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह पूरी कार्रवाई एसवी एंड एसीबी रोहतक की टीम ने अंजाम दी। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

ये भी देखे: Ambala News: बराड़ा में विजिलेंस ब्यूरो ने रिश्वत लेते फूड इंस्पेक्टर को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

You may also like