कल्याण बिगहा , 01 जनवरी 2026: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी माता स्वर्गीया परमेश्वरी देवी की पुण्यतिथि पर अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता-पिता और पत्नी की स्मृति में निर्मित वाटिका में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री सुबह करीब दस बजे सड़क मार्ग से गांव पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने गांव के देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, “बिहार नव वर्ष 2026 में नव संकल्पों की तेज यात्रा पर चलेगा। आइये, हम सभी इस संकल्प यात्रा के सहयात्री बनें।”
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जब मुख्यमंत्री वाटिका से बाहर निकले तो कई फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास पहुंचे। मुख्यमंत्री हाथ जोड़ते हुए आगे बढ़ गए, जबकि फरियादियों के आवेदन अधिकारियों ने ले लिए। फरियादियों ने नाराजगी जताई और कहा कि वे पहले भी कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। एक फरियादी ने बताया कि पिछली बार भी आवेदन दिया गया था, पर समस्या जस की तस बनी हुई है। दो साल से हम लोग फरियाद लगाकर थक चुके हैं।
इस पर सीएम नीतीश कुमार ने फौरन अधिकारियों को फरियादियों की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।
ये भी देखे: पटना में ठंड के बीच नीतीश कुमार का सरप्राइज दौरा, जदयू कार्यालय पहुंचे, संगठन को दिए नए निर्देश