फतेहपुर, 29 दिसंबर 2025: राष्ट्र प्रेरणा स्थल की पार्किंग में चरने गईं करीब 150 भेड़ें सड़े हुए भोजन खाने से बुरी तरह बीमार पड़ गईं। इनमें से 71 भेड़ों की मौत हो गई। घटना रविवार देर रात हुई। सोमवार दोपहर इसकी सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बची हुई भेड़ों का इलाज शुरू किया।
मृत भेड़ों की वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। विसरा को जांच के लिए भेजा जाएगा।
क्षेत्र के ढकौली मदरिया निवासी शिवरतन पाल के पास करीब 350 भेड़ें हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर वे भेड़ों को चराने के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल की पार्किंग के पास ले गए। वहां पड़ा सड़ा भोजन देखकर भेड़ों को चरने दिया। शाम को इन्हें घैला पुल के किनारे लाकर रोक दिया।
रात करीब 12:30 बजे उनका बेटा प्रदीप भेड़ों को देखने गया। कुछ देर बाद लौटकर उसने बताया कि 10 भेड़ें मर चुकी हैं। शिवरतन अपने अन्य बेटों अजय पाल और विजय पाल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भेड़ों को दवाइयां खिलाईं, लेकिन राहत नहीं मिली। देखते-देखते करीब 150 भेड़ें मरणासन्न स्थिति में पहुंच गईं। बाद में इनमें से 71 की मौत हो गई।
पशु चिकित्सा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। विभाग का कहना है कि सड़े भोजन में जहरीले तत्व होने की आशंका है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।
ये भी देखे: UP News: खंडहर में डेढ़ साल की बच्ची का शव मिला, चेहरे पर रेंग रही थीं चीटिंयां