भोजपुर, 26 दिसंबर 2025: भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में एक बेहद क्रूर हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। झारखंड पुलिस में चालक हवलदार के पद पर तैनात पशुपतिनाथ तिवारी की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके अपने बेटे ने की। पुलिस ने इस जघन्य वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के पुत्र ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी को यह उम्मीद थी कि पिता की मौत के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिल जाएगी। इसी लालच में उसने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि करीब दो साल पहले भी आरोपी ने पिता को दुर्घटना में मारने की साजिश रची थी, लेकिन वह योजना नाकाम हो गई थी।
पिछले दिसंबर महीने में पशुपतिनाथ तिवारी छुट्टी पर गांव आए थे। उसी दौरान घर में सोते समय गला रेतकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआत में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल मृतक के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मृतक ने कुछ जमीन का एग्रीमेंट कराए जाने को लेकर भी पुत्र उनसे नाराज था।
ये भी देखे: भोजपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, AK-47 समेत 7 अवैध हथियार जब्त, 2 बदमाश गिरफ्तार