मनाली, 08 दिसंबर 2025: अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल से महज 100 मीटर पहले सोमवार शाम एक बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में केरल के 21 साल के युवक मोहम्मद रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई। साथ चल रही 20 साल की युवती हाला हिंद गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक पर सिस्सू की तरफ जा रहे थे। टनल में प्रवेश करने से ठीक पहले तेज स्पीड के कारण बाइक फिसल गई और फुटपाथ से टकरा गई। दोनों सवार दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और दोनों को मनाली रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। हाला हिंद का इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान मोहम्मद रिजवान (21) पुत्र अब्दुल करीम निवासी चेरियम पुराथ, एडायूर, तिरूर, मालाप्पुरम (केरल) के रूप में हुई है। घायल युवती हाला हिंद (20) पुत्री हुसैन भी केरल की ही रहने वाली हैं। दोनों पर्यटक के रूप में हिमाचल घूमने आए थे।
ये भी देखे: हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर बदले, बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी