चंडीगढ़, 26 नवंबर 2025: पुलिस ने गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग के खूंखार गुर्गे को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से तीन अवैध हथियार और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार शूटर की पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के गांव सुखचैन निवासी रामबख्श सिंह उर्फ बख्शी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने कुछ दिन पहले सिरसा के गांव बड़ा गुड़ा में दो फायरिंग की वारदातें की थीं।
एसपी मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि बुढलाडा में संदिग्धों की चेकिंग के लिए विशेष नाके लगाए गए थे। होली हार्ट स्कूल के पास नाकाबंदी के दौरान एएसआई सुखजीत सिंह की टीम ने बख्शी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके पास से दो 32 बोर पिस्टल (दो जिंदा कारतूस के साथ) और एक देसी कट्टा 315 बोर (एक कारतूस सहित) बरामद किया। बख्शी के खिलाफ पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सिरसा में तीन मामले हैं जहां वह भगोड़ा चल रहा था।
पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी देखे: जालंधर ग्रामीण पुलिस ने बंबीहा गिरोह से जुड़े शूटर को गिरफ्तार किया