Bareilly News: बरेली विकास प्राधिकरण ने चार अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त

by Manu
बरेली विकास प्राधिकरण

बरेली, 19 नवंबर 2025: बरेली विकास प्राधिकरण ने बुधवार को अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कैंट क्षेत्र के मोहनपुर रोड नकटिया में करीब 27 बीघा जमीन पर बन रही चार अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। साथ ही इज्जतनगर क्षेत्र में दो निर्माणाधीन मकान सील कर दिए गए।

जिन कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया उनमें सद्दाम की 10 बीघा, ओमपाल की 10 बीघा, बुद्धवा की तीन बीघा और नूर हसन की चार बीघा जमीन शामिल है। इन लोगों ने बीडीए से कोई मंजूरी लिए बिना भूखंड चिह्नांकन, सड़क, नाली और बाउंड्रीवॉल बना ली थी। प्राधिकरण की टीम ने यूपी नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत जेसीबी चलाकर सब कुछ तहस-नहस कर दिया।

इसी तरह इज्जतनगर में पीलीभीत रोड पर मुढ़िया अहमद नगर में साक्षी पत्नी नितिन कुमार का 105 वर्गमीटर और मठ लक्ष्मीपुर में भूनेश गंगवार का 105 वर्गमीटर में बन रहा मकान सील कर दिया गया। दोनों मकान बिना नक्शा पास कराए बन रहे थे।

बीडीए के सहायक अभियंता गजेंद्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेंद्र द्विवेदी, अजीत साहनी और प्रवर्तन टीम ने यह कार्रवाई की। मंगलवार को भी सीबीगंज क्षेत्र में कई अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया था। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि बिना मंजूरी कोई निर्माण करता पकड़ा गया तो सख्त कार्रवाई होगी। अब तक दर्जनों अवैध कॉलोनियां और मकान या तो ध्वस्त हो चुके हैं या सील कर दिए गए हैं।

ये भी देखे: बरेली न्यूज़: वीजा फर्जीवाड़ा करने वाला नाइजीरियाई छात्र युसूफ भेजा गया जेल

You may also like