राधा स्वामी डेरा ब्यास के बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जालंधर और शाहकोट में बाढ़ राहत कार्यों का लिया जायजा

by Manu
राधा स्वामी डेरा ब्यास

जालंधर, 10 सितंबर 2025: पंजाब में बाढ़ की विनाशकारी स्थिति के बीच कई सामाजिक और धार्मिक संगठन राहत कार्यों में जुटे हैं। राधा स्वामी सत्संग डेरा ब्यास भी इस संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों की मदद के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

बुधवार को डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जालंधर के रहमानपुर स्थित सत्संग भवन-3 का दौरा किया। यहां बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री की पैकिंग और वितरण की व्यवस्था जोर-शोर से चल रही थी। बाबा गुरिंदर सिंह ने स्वयं पैकिंग व्यवस्था का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जरूरतों पर चर्चा की ताकि राहत कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सके।

सुबह से ही हजारों की संख्या में संगत बाबा जी के दर्शन के लिए सत्संग भवन पहुंची थी। डेरा के सेवादारों ने ट्रैफिक और आंतरिक व्यवस्थाओं को संभाला, जबकि जालंधर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम किए।

जालंधर में दर्शन देने और राहत कार्यों की समीक्षा करने के बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों शाहकोट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ओर रवाना हुए। वहां वे बाढ़ की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

ये भी देखे: इस दिन होगा राधा स्वामी डेरा ब्यास में भंडारा, भारी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना

You may also like