पंजाब में 22 सितंबर से ठप हो सकती हैं बस सेवाएं, हड़ताल पर जाएंगे 6500 कर्मचारी

by Manu
Punjab bus strike

चंडीगढ़, 19 सितंबर 2026: पंजाब में 22 सितंबर से बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है। पंजाब रोडवेज पनबस और पीआरटीसी के करीब 6500 कच्चे कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। यूनियन का दावा है कि प्रदेश में 2700 से ज्यादा बसों का संचालन रुक जाएगा। इससे रोजाना बसों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पंजाब रोडवेज पनबस और पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 22 सितंबर से हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार के साथ कई बार बैठकें होने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।

शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि कर्मचारी पिछले साढ़े चार साल से अपनी सेवाएं नियमित करने और ठेकेदारी व्यवस्था खत्म करने की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार इस मामले में सरकार के साथ अब तक करीब 60 से 65 बैठकें हो चुकी हैं लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को परिवहन मंत्री के साथ कर्मचारियों की बैठक होनी थी लेकिन यह बैठक रद्द कर दी गई। यूनियन का कहना है कि लगातार बैठकें होने के बावजूद मांगों का समाधान नहीं हुआ इसलिए अब कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है।

रेशम सिंह गिल ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले ठेका कर्मचारियों को नियमित करने और उन्हें पूरी वेतन सुविधाएं देने का वादा किया था। यूनियन का आरोप है कि सरकार के कार्यकाल के दौरान परिवहन विभाग में अभी तक एक भी कच्चे कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया।

यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से ठेके पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों की नौकरी और भविष्य से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

ये भी देखें: पंजाब में 7 लाख सरकारी मुलाजिम महाहड़ताल पर, CM मान बोले- हड़ताल खत्म करो, फिर बातचीत होगी

You may also like