लुधियाना, 01 सितंबर 2025: लुधियाना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण शहर के ज्यादातर इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे घरों और दुकानों में पानी घुस गया। साथ ही, बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों में हाहाकार मच गया है।
जलभराव के चलते 66 केवी ग्रिड शेरपुर (फेज-5 फोकल प्वाइंट) और ढंडारी कलां (फेज-6 फोकल प्वाइंट) में पानी भर गया, जिसके कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन ग्रिड्स के सभी फीडर बंद कर दिए गए। इसके अलावा, दोराहा में 220 केवी सब स्टेशन भी ब्लैकआउट हो गया, जिससे वहां बिजली आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए ठप हो गई।
पिछले 4 घंटों से लुधियाना के शहरी क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह गायब है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) का सिस्टम बारिश के आगे एक बार फिर बेबस नजर आ रहा है। बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर औद्योगिक क्षेत्रों पर पड़ा है, जहां प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन ठप हो गया है। उद्योग जगत ने चिंता जताई है कि अगर बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो उत्पादन में भारी कमी आएगी और आर्थिक नुकसान बढ़ेगा।
ये भी देखे: पंजाब में बाढ़ का कहर, पौंग डैम का जलस्तर 1394 फीट तक पहुंचा, 7 जिले प्रभावित