औरैया, 21 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सदर तहसील के एसडीएम राकेश कुमार को गुरुवार को प्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई उनके कार्यालय में एक व्यक्ति द्वारा टेबल की दराज में रखे गए लिफाफे को जेब में रखने का वीडियो वायरल होने के बाद की गई। वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति एसडीएम के सामने बैठकर दराज में लिफाफा रखता है और फिर हाथ जोड़कर चला जाता है, जबकि एसडीएम मोबाइल में व्यस्त दिखते हैं। बाद में एक अन्य वीडियो में वे लिफाफा निकालकर जेब में रखते हुए नजर आए।
जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने उसी दिन राकेश कुमार को तहसील से हटाकर कलेक्ट्रेट में तैनात कर दिया था और मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन को पत्र लिखा था। सरकार ने इसे शासन और प्रशासन की छवि को धूमिल करने वाला मानते हुए राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर राजस्व परिषद, लखनऊ से संबद्ध कर दिया। इस मामले की जांच का जिम्मा कानपुर के मंडलायुक्त को सौंपा गया है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
ये भी देखे: पुलिस और अपराधी की सेल्फी ने मचाया बवाल, एक सिपाही निलंबित, 10 का तबादला