यूपी, 28 जुलाई,2025: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सोमवार को हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध अवसानेश्वर महादेव मंदिर में करंट की चपेट में आने के कारण दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है और कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रूपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई घायल इलाज के बाद घर को रवाना हो गए। कुछ का उपचार चल रहा है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए थे, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टिन शेड पर गिर गया। जिसके कारण करंट फैल गया और हादसा हो गया।
मृतकों के परिजनों को 5 लाख की आर्थिक सहायता
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद पुलिसकर्मी एंबुलेंस से 29 लोगों को हैदरगढ़ सीएचसी लेकर आए। नौ को त्रिवेदीगंज और छह को कोठी सीएचसी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है की अब तक दो लोगों की मौत हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
इस हादसे के बाद सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना भी व्यक्त की। योगी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही मृतकों के परिजनों को 5 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बाराबंकी स्थित श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: UP News: सावन के तीसरे सोमवार को हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, मंदिरों में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब