UP News: सावन के तीसरे सोमवार को हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, मंदिरों में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब

by Nishi_kashyap
हेलीकॉप्टर

बरेली,28 जुलाई, 2025: सावन के तीसरे सोमवार को बरेली में शिवभक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। पहली बार आस-मान से फूलों की बारिश हुई वो भी सीधे सात नाथ मंदिरों पर। हेलीकॉप्टर से जैसे ही फूलों की बरसात होने लगी, तो पूरा माहौल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धा के इस ऐतिहासिक पल की शुरुआत सुबह 8:55 बजे अलखनाथ मंदिर से हुई। इसके बाद एक-एक कर धोपेश्वरनाथ, तपेश्वरनाथ, त्रिवटीनाथ, मढ़ीनाथ, पशुपतिनाथ और अंत में बनखंडीनाथ मंदिर पर भी पुष्प वर्षा की गई। हर मंदिर पर हेलीकॉप्टर कुछ मिनट रुका और हजारों की संख्या में फूलों की बारिश की। इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश कुमार सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य की मौजूदगी में हुई।

गंगाजल लेकर हरिद्वार, कछला घाट और नजदीकी तीर्थ स्थलों से लौटे कांवड़ियों के चेहरों पर फूलों की यह बरसात किसी वरदान से कम नहीं थी। भक्तों ने आस्था और भक्ति के साथ जल चढ़ाया। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर शहर में भारी उत्साह देखने को मिला। लोग छतों और मंदिरों के बाहर खड़े होकर पुष्पवर्षा के इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर चेहरा श्रद्धा और मुस्कान से भरा हुआ था।

प्रशासन ने इस बार भी सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और साफ-सफाई तक हर इंतजाम चाक-चौबंद किया हुआ था। अधिकारियों की टीमें सुबह से ही जगह-जगह तैनात की गई थीं ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न हो। ।

यह भी पढ़ें: सिद्धि विनायक मंदिर पहुँचे सिद्धार्थ मल्होत्रा! बेटी के लिए मांगी मन्नत

You may also like