बरेली, 22 जुलाई,2025: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सावन के महीने में चिकन पिज्जा की डिलीवरी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने डोमिनोज पिज्जा आउटलेट के खिलाफ हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि डोमिनोज ने डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाकर उसे राधा रानी का धार्मिक कुर्ता पहनाकर और माथे पर तिलक लगाकर चिकन पिज्जा डिलीवरी के लिए भेजा। जब इसकी जानकारी हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को पता चली, तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और डोमिनोज के कर्मचारियों ने माफी मांगकर मामले को शांत करवाया। फिलहाल थाना कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
डोमिनोज की जाँच के लिए किया ऑर्डर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली इलाके की है। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सावन माह के पहले ही फैसला लिया था की सावन के दौरान सोमवार को बरेली शहर के सभी आउटलेट नॉनवेज पिज्जा की बिक्री नहीं करेंगे। इस पर सभी आउटलेट्स ने सहमति भी दी थी। इसके बाद हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने डोमिनोज की जाँच करने के लिए नॉनवेज पिज्जा का ऑर्डर किया।
डिलीवरी बॉय की पहचान छुपाई
डोमिनोज ने नॉनवेज पिज्जा का ऑर्डर स्वीकार कर लिया। डोमिनोज ने डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाकर उसे राधा रानी का कुर्ता पहनाया और माथे पर चंदन का तिलक लगाया, ताकि रास्ते में कोई उसे रोक ना सके। जब डिलीवरी बॉय पिज्जा लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के पास पहुँचा, तो उन्होंने नॉनवेज पिज्जा और डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाए जाने पर गुस्सा जताया।
मौके पर पहुँची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। डोमिनोज के कर्मचारियों ने माफी माँगी और कहा कि वह भविष्य में ऐसा कोई काम नहीं करेंगे। हिंदू युवा वाहिनी ने साफ किया है कि सावन के महीने में सोमवार के दिन किसी भी आउटलेट को नॉनवेज पिज्जा नहीं बेचने दिया जाएगा। थाना कोतवाली पुलिस अब इस मामले की पूरी तरह से जाँच कर रही है।
यह भी पढ़ें: UP News: चार बच्चों की माँ ने 15 साल छोटे प्रेमी से की कोर्ट मैरिज, पति बोला- ‘डर था कहीं ….’