Lakhisarai: लखीसराय के कवैया थाना इलाके में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पीड़िता बेगूसराय की रहने वाली है और सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। बुधवार सुबह घर में किसी से झगड़े के बाद वह बिना किसी को बताए घर से निकल पड़ी। स्टेशन पहुंची और एक ट्रेन में बैठ गई। ट्रेन में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिससे बातचीत के दौरान उसे प्यार हो गया। युवक ने उसे अपने साथ रखने का वादा किया और लखीसराय ले आया।
युवती ने बताया कि युवक उसे पूरे दिन लखीसराय में घुमाता रहा। उसने अपने तीन-चार दोस्तों से उसकी मुलाकात कराई। साथ में होटल में खाना खाया और कोर्ट के आसपास बाइक व पैदल घुमाया। लेकिन देर रात उसने अपना असली चेहरा दिखाया। वह उसे मंडलकारा के पीछे एक झोपड़ी में ले गया, जहां उसने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वे उसे बाइपास रोड पर छोड़कर भाग गए। गुरुवार को सुबह श्री दुर्गा बालिका हाईस्कूल के पास युवती को रोते हुए देखकर लोगों ने उससे बात की। उसकी आपबीती सुनते ही लोगों ने फौरन कवैया थाने को खबर दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे थाने ले गई।
एसडीपीओ शिवम कुमार दोपहर में कवैया थाने पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने पीड़िता से बात की और बताया कि तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है। इनमें से दो को कवैया रोड से और एक को दूसरी जगह से गिरफ्तार किया गया।
ये भी देखे: कांग्रेस ने 2013 में जो गलतियां की थीं, उन्हें सुधारा गया: गिरिराज सिंह