मिजोरम के नए राज्यपाल के रूप में वीके सिंह ने ली शपथ
राज्य मंत्री के रूप में भी कर चुके हैं कार्य
नई दिल्ली, 16 जनवरी : मिजोरम के नए राज्यपाल के रूप में भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख वीके सिंह ने शपथ ले ली है। मिजोरम को 1987 में पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद से सिंह 25वें राज्यपाल बने हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह ने हरि बाबू कंभमपति की जगह ली, जिन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विजय बिश्नोई ने आइजोल के राजभवन में आयोजित एक समारोह में सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री लाल थनहवला और जोरमथांगा मौजूद रहे। बता दें कि वर्ष 1951 में जन्मे सिंह ने 2010 से 2012 तक 24वें सेनाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद, वह 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उस वर्ष के आम चुनाव में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए। 2019 में वह उसी सीट से फिर से चुने गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान, उन्होंने विदेश राज्य मंत्री, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सांख्यिकी तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में वह सडक़ परिवहन और राजमार्ग तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालयों में राज्य मंत्री थे।
मिजोरम के नए राज्यपाल के रूप में वीके सिंह ने ली शपथ
राज्य मंत्री के रूप में भी कर चुके हैं कार्य
111
previous post