कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने नगर पंचायत दिड़बा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से लोगों की ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने का आह्वान किया
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अध्यक्ष मनिंदर सिंह और उपाध्यक्ष जसप्रीत कौर को सम्मानित किया
सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव कर मिसाल कायम की – हरपाल सिंह चीमा
दिड़बा/संगरूर, 14 जनवरी : हाल ही में हुए नगर पंचायत दिड़बा के आम चुनावों में विजयी पार्षदों में से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया आज उपमंडल मजिस्ट्रेट श्री राजेश शर्मा के नेतृत्व में उपमंडल परिसर दिड़बा में संपन्न हुई, जिसके तहत सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मनिंदर सिंह को अध्यक्ष तथा जसप्रीत कौर को उपाध्यक्ष चुना।
इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने अध्यक्ष मनिंदर सिंह और उपाध्यक्ष जसप्रीत कौर को बधाई दी और उन्हें पूरे समर्पण और उत्साह के साथ काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मनिंदर सिंह आम आदमी पार्टी के पुराने और सक्रिय युवा नेता हैं और नगर पंचायत के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से दोनों प्रमुख पदाधिकारियों का चुनाव करके एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के विजन को कायम रखते हुए नगर पंचायत दिड़बा की पूरी टीम लोगों से किए गए हर वादे को ईमानदारी और समर्पण के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नगर पंचायत की टीम ने विकास कार्य भी शुरू कर दिए हैं, जिसके तहत दिड़बा में जल्द ही दो बहु-करोड़ रुपये की जनहितैषी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी जिनमे सामाजिक अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत से एक कम्युनिटी हॉल और खिलाडियों के लिए एक इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए ग्रांट की कोई कमी नहीं है तथा योजनाबद्ध तरीके से प्रत्येक ग्रामीण व शहरी क्षेत्र का समग्र विकास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू, मार्केट कमेटी संगरूर के चेयरमैन अवतार सिंह एलवाल, कार्यकारी अधिकारी चंद्र प्रकाश वधवा सहित अन्य अधिकारी व सभी पार्षद भी उपस्थित थे ।