मणिपुर में हिंसा का फिर हुआ तांडव, कई घायल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हुआ हमला
नई दिल्ली, 4 जनवरी : मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा का तांडव हुआ है, जिसमें लोग घायल हुए हैं। बता दें कि इससे पहले मणिपुर हिंसा के लिए सीएम बीरेन सिंह ने 31 दिसंबर 2024 को माफी मांगी थी। उन्होंने साल 2024 को दुर्भाग्य से भरा बताया था। सीएम बीरेन सिंह ने कहा था कि वह अब तक की हिंसा के लिए राज्य के लोगों से माफी मांगते हैं। सीएम बीरेन सिंह ने कहा था कि यह पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. मुझे खेद है और पिछले 3 मई से आज तक राज्य के लोगों से माफी मांगना चाहता हूं। लेकिन अब फिर मणिपुर के सैबोल गांव से केंद्रीय बलों को कथित रूप से नहीं हटाए जाने को लेकर भीड़ ने कांगपोकपी जिले में शुक्रवार शाम को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सैबोल गांव इंफाल पूर्वी जिले की सीमा पर स्थित है। इस हमले में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इसके अलावा कांगपोकपी के एसपी भी घायल हो गए हैं। राज्य 3 मई 2023 से हिंसा की आग में लगातार जल रहा है। कुकी संगठन सैबोल गांव में 31 दिसंबर को सुरक्षा बलों द्वारा महिलाओं पर कथित रूप से लाठीचार्ज किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने गांव में केंद्रीय बलों, खासकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की लगातार तैनाती पर अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए कार्यालय पर पथराव किया और अन्य चीजें भी फेंकी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के परिसर में रखे जिला पुलिस के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
72
previous post