तंदुरुस्त शरीर से मिलती है जीवन में तरक्की : हरचंद सिंह बरसट

खेडां वतन पंजाब दियां – 2024 सीजन-3 के तहत पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में तीरअंदाजी प्रतियोगिता आयोजित

by TheUnmuteHindi
तंदुरुस्त शरीर से मिलती है जीवन में तरक्की : हरचंद सिंह बरसट

तंदुरुस्त शरीर से मिलती है जीवन में तरक्की : हरचंद सिंह बरसट
खेडां वतन पंजाब दियां – 2024 सीजन-3 के तहत पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में तीरअंदाजी प्रतियोगिता आयोजित
बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने विजेताओं को किया सम्मानित
पटियाला/चंडीगढ़ : बच्चे और नौजवान पंजाब और देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना बहुत जरूरी है और इसके लिए खेल सबसे अच्छा मार्ग है। सभी को चाहिए कि वह अपने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए उत्साहित करें, तांकि वह पंजाब और अपने माता-पिता का नाम देश और दुनिया में रोशन कर सकें। यह विचार स. हरचंद सिंह बरसट, चेयरमैन, पंजाब मंडी बोर्ड और राज्य महासचिव, आम आदमी पार्टी पंजाब की ओर से पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के आर्चरी फील्ड में खेडां वतन पंजाब दियां- 2024 सीजन-3 के तहत आयोजित तीरंदाजी के राज्यस्तरीय मुकाबलों के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए व्यक्त किए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब के माननीय मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान जी द्वारा बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिये लगातार कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों द्वारा खेलों में भाग लेने पर खुशी जताते हुए कहा कि बच्चों के विकास के लिए खेलों में भाग लेना बहुत जरूरी है। क्योंकि अगर आप तंदरुस्त हैं, तो आप हर क्षेत्र में ज्यादा तरक्की हासिल कर सकते हैं।

पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि पंजाब की युवा पीढ़ी को खेलों की ओर उत्साहित करने के लिए मंडी बोर्ड की ओर से भी अपना पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब की मंडियों में बड़े-बड़े कवर शैड बने हुए हैं, जो केवल धान और गेहूं के सीजन में ही उपयोग में आते हैं और बाकी समय खाली रहते हैं। इसलिए बच्चों को खेलों की ओर उत्साहित करने के लिए ऑफ-सीजन के दौरान मंडियों के कवर शैडों का प्रयोग विभिन्न इनडोर खेलों की ट्रेनिंग देने की योजना के तहत मंडियों में विभिन्न खेलों की ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है। इसके तहत रामपुरा फूल में स्केटिंग, सुलतानपुर लोधी और मलोट में बास्केटबॉल और श्री मुक्तसर साहिब में बैडमिंटन की ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है। जल्द ही पंजाब की अन्य मंडियों में भी इसी प्रकार ऑफ-सीजन के दौरान इनडोर खेलों की ट्रेनिंग शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने खेलों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि परमात्मा उन्हें जीवन में तरक्की दे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह बच्चे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करके पूरी दुनिया में पंजाब और अपने माता-पिता का नाम रोशन करेंगे। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

इस टूर्नामेंट में पंजाब के विभिन्न जिलों से 713 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर द्रोणाचार्य अवार्डी स. जीवनजोत सिंह तेजा राष्ट्रीय कोच टीम इंडिया, श्री रविंदर कुमार बाली प्रधान पंजाब आर्चरी एसोसिएशन, अर्जुन अवार्डी स. हरविंदर सिंह धंजू, श्री गौरव शर्मा पैरा राष्ट्रीय टीम कोच, श्री अंकुश शर्मा, स. सुखमिंदर सिंह, स. कुलविंदर सिंह और श्री रविंदर कुमार उपस्थित रहे।

You may also like