दिल्ली, 9 जून 2026: दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक हुई। इस बैठक में 25 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और सुप्रिया सुले समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्चुअली जुड़े।
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करीब दो घंटे चली बैठक में 5 मुद्दों पर सहमति बनी।
खड़गे ने NEET परीक्षा में युवाओं के साथ हुए धोखे पर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि NEET और CBSE की गड़बड़ियों के लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि Special Intensive Revision (SIR) में करोड़ों वोटरों के नाम काटे गए हैं। ब्लॉक इस मुद्दे पर CJI को पत्र लिखेगा। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था पर केंद्र सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
खड़गे ने कहा कि INDIA गठबंधन अब हर दो महीने में बैठक करेगा और मानसून सत्र के दौरान भी एक बैठक आयोजित होगी। अगली बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में होगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल गांधी ने बैठक में जोर देते हुए कहा कि भाजपा को चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों के बीच आपसी विश्वास और एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन है तो दूसरी तरफ भाजपा-आरएसएस है।
ये भी देखे: दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक शुरू, सोनिया, ममता-अखिलेश समेत सभी प्रमुख नेता पहुंचे