पटना, 15 सितम्बर 2026 : जल संसाधन विभाग द्वारा सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी की जयंती के अवसर पर मंगलवार को सिंचाई भवन स्थित सभागार में अभियंता दिवस समारोह आयोजित किया गया। माननीय उपमुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने दीप प्रज्वलित किया, तथा सर विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के 9 अभियंताओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय उपमुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया अपने दूरगामी एवं अनुकरणीय कार्यों के कारण आज भी याद किए जाते हैं। जल संसाधन के क्षेत्र में उनके योगदान का विशेष महत्व रहा है। सभी अभियंताओं को उनसे प्रेरणा लेकर ऐसा कार्य करना चाहिए कि आने वाली पीढ़ियां भी उनके कार्यों को याद करें।
उन्होंने कहा कि अभियंताओं की पहचान केवल तकनीकी कार्यों से नहीं, बल्कि उनके कार्यों के परिणाम, व्यवहार और आम लोगों के साथ उनके जुड़ाव से भी बनती है। स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय और संवाद रखते हुए ऐसे कार्य किए जाने चाहिए, जो अनुकरणीय हों।
उन्होंने भागलपुर के खरीक प्रखंड में हाल में किए गए फ्लड फाइटिंग कार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में विभाग के अधिकारियों एवं अभियंताओं ने दिन-रात मेहनत कर जिस तत्परता से कार्य किया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिस स्थिति में तटबंध को बचाना कठिन प्रतीत हो रहा था, वहां अभियंताओं की मेहनत से महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई और स्थानीय लोगों ने भी विभाग के प्रयासों की सराहना की।
विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाढ़ जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जल संसाधन विभाग के अभियंता दिन-रात क्षेत्र में रहकर तकनीकी दक्षता और तत्परता के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों के कारण वर्षापात के स्वरूप में बदलाव, नदियों में अचानक बढ़ते जलस्तर तथा जल की बढ़ती मांग जैसी चुनौतियां आने वाले समय में और बढ़ेंगी। ऐसे में पेयजल, औद्योगिक विकास, जल प्रबंधन एवं जल सुरक्षा के लिए अभियंताओं को अपनी तकनीकी क्षमता का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए नई चुनौतियों का सामना करने हेतु तत्पर रहना होगा।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री चन्द्र शेखर कुमार, श्री शाहिद कमाल, श्री इफ्तेखार इमाम, श्री विजय रंजन, श्री सूरज कुमार, श्री अनिल कुमार, श्री प्रशांत कुमार, श्रीमती किरण कुमारी एवं श्री अमरेन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अभियंता प्रमुख श्री वरुण कुमार ने स्वागत संबोधन किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन परामर्शी श्री आई.सी. ठाकुर ने किया। इस अवसर पर विशेष सचिव श्री के.डी. प्रौज्वल, परामर्शी श्री रवीन्द्र शंकर, अभियंता प्रमुख श्री ब्रजेश मोहन, अभियंता प्रमुख श्री निखिल कुमार, मुख्य अभियंता श्री धर्मेंद्र कुमार सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।