चंडीगढ़, 05 नवंबर 2026: अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ यानी सीएआईटी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक लेटर लिखकर पिछले एक महीने से दिल्ली में सियासी रैलियों धरनों और प्रदर्शनों की वजह से बार-बार बाधित हो रही कारोबारी गतिविधियों पर देशभर के व्यापारियों की नाराजगी जाहिर की है। खासतौर से एक नवंबर की रैली और पिछले एक महीने से अलग-अलग संगठनों के प्रदर्शनों को कांग्रेस और अन्य सियासी दलों की तरफ से दिए जा रहे समर्थन पर सीएआईटी ने गंभीर प्रश्न उठाए हैं। इस बीच सीएआईटी ने धिक्कार दिवस मनाने की घोषणा भी की है।
सीएआईटी ने ऐलान किया है कि वो राहुल गांधी के जवाब का इंतजार करेगा लेकिन दीपावली के तुरंत बाद दिल्ली समेत देशभर के नेता दिल्ली में एक अहम नेशनल लेवल की मीटिंग कर इस मुद्दे पर अपनी स्ट्रैटेजी तय करेंगे क्योंकि अब यह महज दिल्ली के व्यापारियों का मामला नहीं है। आज यदि दिल्ली में ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है तो कल देश के किसी भी अन्य इलाके में भी ऐसा हो सकता है। इसलिए यह एक गंभीर नेशनल मुद्दा बन चुका है और भारत के व्यापारी इतने कमजोर नहीं हैं कि वो इस तरह की स्थिति को अब बर्दाश्त करेंगे। अब सबक सिखाने का वक्त आ गया है। सीएआईटी ने इस मुद्दे पर देश भर में धिक्कार दिवस मनाने का ऐलान किया है जिसकी तारीख नई दिल्ली की मीटिंग में तय होगी।
राहुल गांधी को भेजे गए लेटर में सीएआईटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने राहुल गांधी और कांग्रेस की सियासी व नैतिक जिम्मेदारी पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि उनके सपोर्ट से आयोजित प्रदर्शनों ने दिल्ली की आर्थिक गतिविधियों पर बुरी तरह से असर डाला है जबकि यह वक्त भारत के लिए अहम त्योहारी और विवाह की खरीदारी का मौसम है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया