मंडी, 03 नवंबर 2025: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने सोमवार को विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत कसान के तकनीकी सहायक संजय शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि संजय ने साई कसान पंचायत के बीडीसी सदस्य नारायण सिंह से बीडीसी ग्रांट से जुड़े कार्यों के एस्टीमेट तैयार करने के बदले 1,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि हो गई।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में टीम ने जाल बिछाया और मंडी शहर के जेल रोड पर संजय को रिश्वत की राशि लेते दबोच लिया। मौके से 1,000 रुपये बरामद कर जब्त कर लिए गए। शिकायतकर्ता नारायण सिंह ने खुलासा किया कि चार दिन पहले भी संजय ने उनसे 500 रुपये वसूले थे। विजिलेंस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। जांच का जिम्मा इंस्पेक्टर रूप सिंह को सौंपा गया है।
विजिलेंस एसपी मंडी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखे: Ambala News: बराड़ा में विजिलेंस ब्यूरो ने रिश्वत लेते फूड इंस्पेक्टर को रंगे हाथ किया गिरफ्तार