यूपी सरकार जेल सुरक्षा के लिए 676 इंसास राइफल खरीदेगी, जेलों की सुरक्षा होगी और मजबूत

by Manu
cm yogi up

लखनऊ, 03 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब जेलों की सुरक्षा के लिए 676 इंसास राइफल खरीदेगी। साथ ही प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक उपयोग के लिए कारतूस भी खरीदेगी। सोमवार को सरकार की ओर से ये जानकारी सामने आई है।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ पुलिस एवं कारागार व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और जेल वार्डन समेत कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए 676 अत्याधुनिक इंसास राइफल खरीदने जा रही है।

बयान के मुताबिक प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक उपयोग के लिए 58,795 कारतूस भी खरीदे जाएंगे। इस पूरी खरीद प्रक्रिया पर कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग करीब 14 करोड़ रुपये खर्च करेगा। बयान के अनुसार इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य कारागारों में तैनात सुरक्षा बलों को आधुनिक हथियारों से लैस करने के साथ उनकी कार्यक्षमता और प्रशिक्षण के स्तर को बेहतर बनाना है।

महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पी सी मीना ने बताया कि कारागार विभाग की ओर से खरीदी जाने वाली इंसास राइफल और कारतूस की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल के माध्यम से की जाएगी। इसके तहत 5.56 एमएम की एसएलआर इंसास राइफल खरीदी जाएंगी।

ये भी देखे: 5 साल की बच्ची ने CM योगी को बुलडोजर टॉय गिफ्ट किया, योगी बोले- मन लगाकर पढ़ाई करना

You may also like