छठ से पहले दिल्ली में यमुना क्रूज सफारी का ट्रायल रन शुरू, 30 यात्रियों की होगी क्षमता

by Manu
Yamuna Cruise Safari

दिल्ली, 26 अक्टूबर 2026: राजधानी में छठ महापर्व से पहले यमुना में क्रूज सफारी शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित किए जा रहे छह किलोमीटर लंबे जलमार्ग पर क्रूज का ट्रायल रन किया। सरकार की योजना नवंबर के पहले सप्ताह में इस सेवा को शुरू करने की है। हालांकि शुभारंभ की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है।

इस जलमार्ग पर 30 यात्रियों की क्षमता वाला क्रूज संचालित किया जाएगा। एक तरफ से दूसरी तरफ पहुंचने और लौटने में करीब 35 से 45 मिनट लगेंगे। प्रस्तावित योजना के अनुसार पूरी यात्रा का किराया 500 रुपये और परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये होगा। क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक जाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद यात्रियों को वापस शुरुआती स्थान पर लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से क्रूज के संचालन यात्रियों की सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। ट्रायल रन करीब एक सप्ताह तक चलाने की योजना है। इसके बाद संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सेवा के औपचारिक शुभारंभ की तैयारी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य छठ महापर्व से पहले इस परियोजना को शुरू कर दिल्लीवासियों को पर्यटन का नया विकल्प उपलब्ध कराना है।

ये भी देखे: आपदा प्रबंधन विभाग में दस दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के दूसरे सत्र का शुभारंभ

You may also like