नई दिल्ली, 25 मार्च: भारतीय जनता पार्टी की सरकार आज दिल्ली विधानसभा में अपना पहला बजट पेश करने वाली है, जो 27 साल बाद ऐतिहासिक पल होगा। आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपना बजट पेश करेंगी।
यह बजट भाजपा के चुनावी घोषणापत्र और दिल्ली की जनता से किए गए वादों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। दिल्ली में भाजपा की सरकार आने के बाद यह पहला बजट है और सभी की निगाहें इस पर टिकी हुई हैं। इस बजट में कई बड़े बदलाव और योजनाओं की घोषणा होने की संभावना है, जो दिल्ली के आम लोगों के लिए काफी अहम साबित हो सकती हैं।
दिल्ली विधानसभा का पांच दिवसीय बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ। बजट सत्र की शुरुआत खीर समारोह के साथ हुई, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में सभी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 27 साल बाद दिल्ली का बजट पेश कर रही है।
भगवान राम के अयोध्या लौटने के बाद हुए घटनाक्रम से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, उसी तरह भाजपा 27 वर्ष बाद दिल्ली लौट रही है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने सत्र के पहले दिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट भी पेश की, जिसमें दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की वित्तीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई।
ये भी देखे: सांसदों के वेतन में बढ़ोतरी: अब मिलेंगे 1.24 लाख रुपये, पेंशन और भत्ते भी बढ़े