दिल्ली, 18 सितंबर 2026: बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपितों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से दो चाकू वारदात के समय पहने गए कपड़े और टेंपो बरामद किया है। शुरुआत में शव की पहचान महिला के तौर पर हुई थी लेकिन बाद में पहचान होने पर पता चला कि मृतका नाबालिग थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के मुताबिक पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच में घटना के आसपास एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार अंधेरा होने के कारण उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। फिर पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़कर टेंपो के रूट का पता लगाया। 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। चालक की पहचान कर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने दावा किया कि एक आरोपी किशोरी का कथित प्रेमी था। आरोपियों को आशंका थी कि घटना के बाद किशोरी शिकायत कर सकती थी। इसी के चलते आरोपियों ने किशोरी की हत्या कर दी। 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के समीप खुले मैदान में क्षत-विक्षत हालत में शव मिला था। जानवरों ने शव को नोंच खाया था। इस वजह से पुलिस मृतका की पहचान नहीं कर पाई थी।
ये भी देखे: Kolkata Gangrape Case: लॉ स्टूडेंट के साथ गैंगरेप मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार