पटियाला, 05 जून 2025: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 जून 2025 को पंजाब के पटियाला जिले में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत किसानों से मुलाकात की। उन्होंने रौनी और खेड़ी गंडिया गांवों में किसान चौपाल में हिस्सा लिया, जहां पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट भी मौजूद थे। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने खेत में ट्रैक्टर चलाकर धान की डायरेक्ट सीडिंग का अनुभव लिया और इस तकनीक की सराहना की।
उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा, “आज ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पंजाब के पटियाला में किसान भाइयों से संवाद किया। साथ ही खेत में ट्रैक्टर चलाकर धान की डायरेक्ट सीडिंग का अनुभव भी प्राप्त किया। पंजाब की इस पावन भूमि को मैं नमन करता हूं। यहां की उपजाऊ मिट्टी और मेहनती किसान देश को अन्न से समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”

चौहान ने बताया कि पंजाब के किसान धान की डायरेक्ट सीडिंग (DSR) का सफल प्रयोग कर रहे हैं, जिससे पानी की 20% तक बचत होती है और उत्पादन लागत में कमी आती है। उन्होंने इस नवाचार को देश के अन्य किसानों तक पहुंचाने का वादा किया, ताकि किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर बन सकें। इस अभियान के तहत 29 मई से 12 जून 2025 तक 16,000 से अधिक वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें देशभर में 1 करोड़ से अधिक किसानों से संवाद कर रही हैं, ताकि वैज्ञानिक तकनीकों और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा दिया जा सके।
ये भी देखे: किसानों और केंद्र सरकार के बीच आज फिर होगी वार्ता, एमएसपी की कानूनी गारंटी पर रहेगा फोकस