चंडीगढ़, 12 सितंबर 2026: हरियाणा में 36 दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। सरकार और सफाई कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत के बाद 16 मांगों पर सहमति बन गई है। सरकार अब खाली पदों पर भर्ती करेगी।
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी के साथ सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की मीटिंग हुई। इसके बाद यूनियन के अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने सीएम को लेटर देकर हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।
बता दें कि छह अगस्त से सफाई कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर हड़ताल के दौरान झड़प भी हुई। हिसार में महिलाओं ने पुलिसवालों पर कूड़ा फेंक दिया था।
हड़ताल के दौरान अब तक 73 कर्मचारी बर्खास्त और 10 नियमित कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं। मीटिंग के बाद नरेश शास्त्री ने प्रेस वार्ता कर बताया कि हड़ताल के दौरान निलंबित व हटाए गए कर्मचारियों नियमानुसार बहाल होंगे। इसके साथ ही खाली पदों पर होने वाली भर्ती में कच्चे कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
ये भी देखें: हरियाणा में बिजली कर्मियों की हड़ताल टली, अनिल विज के साथ हुई बैठक