चंडीगढ़, 11 सितंबर 2026: तमिलनाडु के वेल्लोर में बीती रात निर्माणाधीन चर्च की छत ढह गई। इस हादसे में मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि छत पर कंक्रीट डालते वक्त स्लैब गिरने से हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में बन रहे एक चर्च की छत गिर गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। फिलहाल घायल 11 मजदूरों को एम्बुलेंस से वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर के एक अस्पताल ले जाया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि काटपाडी के पास मंडी कृष्णपुरम में बन रहे चर्च ऑफ साउथ इंडिया की इमारत की छत का स्लैब गिरने से यह हादसा हो गया। निर्माण के दौरान मजदूर छत के लिए कंक्रीट डाल रहे थे। तभी स्लैब गिर गया और लोग मलबे के नीचे आ गए। अधिकारी ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 20 फीट ऊंचा स्टील का स्कैफोल्डिंग और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक गिर गया जिससे मजदूर भारी कंक्रीट के मलबे और ईंट-पत्थरों के नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही अराक्कोनम स्थित नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की एक टीम जिला प्रशासन पुलिस और फायर सर्विस के कर्मचारियों के साथ मिलकर निर्माण स्थल पर फंसे मजदूरों को बचाने के काम में जुट गई। गुरुवार शाम को निर्माण स्थल पर बचाव अभियान का समन्वय कर रहीं वेल्लोर जिला कलेक्टर पी.एस. लीला एलेक्स ने पत्रकारों को बताया कि कम से कम आठ मजदूरों की हालत स्थिर है।
ये भी देखे: भिवंडी में इमारत ढही, छह लोगों की मौत, कई अभी भी मलबे में फंसे