चंडीगढ़, 10 अक्टूबर 2026: टीम इंडिया को साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में अहमदाबाद के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ देने वाली हार मिली थी। उस हार ने पूरी टीम को अंदर से झकझोर कर रख दिया था। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में खुलासा किया है कि उस दर्दनाक हार से टीम के अंदर एक ऐसी जबरदस्त भूख और जीत की तड़प पैदा हुई जिसने अगले ही साल टीम को 11 साल का सूखा खत्म कर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने की ताकत दी। रोहित हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे।
रोहित शर्मा ने अपने शो फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा में बातचीत के दौरान कहा कि साल 2007 से लेकर अब तक यानी इन 19 सालों के क्रिकेट करियर में उनके लिए यह दौर सबसे कठिन रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने लिए ऐसा बुरा समय पहले कभी नहीं देखा था। साल 2012 में श्रीलंका दौरे पर जब उनका प्रदर्शन बेहद खराब चल रहा था तब वह अपने खेल से काफी निराश थे। लेकिन वह उनका अपना व्यक्तिगत टारगेट था। लेकिन 19 नवंबर का दिन सिर्फ उनका नहीं बल्कि पूरे देश का सपना था कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीते। जिसे हासिल न कर पाना उनके लिए सबसे ज्यादा दर्दनाक और मुश्किल अनुभव था।
रोहित शर्मा ने आगे बात करते हुए कहा कि भारत में वर्ल्ड कप खेलना और उस दौरान टीम का प्रदर्शन इतना शानदार होना कि कभी हार की उम्मीद ही न हो इस वजह से वह हार और भी ज्यादा चुभने लगी थी। लेकिन खेल का नियम ही यही है कि जब आपको लगने लगे कि सब कुछ एकदम सही चल रहा है तभी अचानक कोई न कोई झटका आपको नीचे गिरा देता है। यही वो सीख है जो हमें स्पोर्ट्स से मिलती है।
रोहित शर्मा ने आगे बताया कि उस हार से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि अगर वो हार नहीं मिलती तो शायद 2024 में टीम टी20 वर्ल्ड कप ना जीत पाती। क्योंकि उस हार ने ही टीम के अंदर वो जबरदस्त तड़प और भूख पैदा की थी। उनका मानना है कि सफलता से ज्यादा असफलता आपको सिखाती है। रोहित ने याद किया कि जब वे 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज और अमेरिका पहुंचे तो टीम के हर एक खिलाड़ी में जो अलग तरह की ऊर्जा और जीतने की बेचैनी दिख रही थी वैसी उन्होंने पहले कभी नहीं देखी थी।
ये भी देखे: रोहित शर्मा के रिटायरमेंट पर BCCI बोला- रोहित लगातार अच्छा खेल रहे हैं, अफवाहों को हवा नहीं दें