गृह सचिव कुंदन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन, लंबित मामलों के निष्पादन हेतु दिए निर्देश

by Manu
सचिव कुंदन कुमार

पटना, 19 जुलाई 2026: गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार के द्वारा गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस मुख्यालय, आधुनिकीकरण प्रभाग, प्रोविजनिंग प्रभाग, साइबर प्रभाग, मद्य निषेध एवं स्वापक ब्यूरो, प्रशिक्षण प्रभाग, ईआरएसएस (ERSS) परियोजना, सुरक्षा प्रभाग, विशेष शाखा, सीआईडी प्रभाग, कमजोर वर्ग प्रभाग, रेल पुलिस प्रभाग, यातायात प्रभाग, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस सहित अन्य संबंधित प्रशाखाओं के लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित प्रभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से लंबित मामलों के प्रतिवेदन गृह सचिव के समक्ष प्रस्तुत किए।

समीक्षा के क्रम में गृह सचिव कुंदन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। संबंधित अधिकारियों को संबोधित करते हुए गृह सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि गृह विभाग एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा राज्य में विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

ये भी देखे: IA डुमरिया, मुजफ्फरपुर में स्थापित होगी आधुनिक फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण इकाई

You may also like