गुवाहाटी, 13 मार्च 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज का कोकराझार दौरा रद्द कर दिया गया। प्रधानमंत्री गुवाहाटी पहुंचे और वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।
अधिकारियों के अनुसार कोकराझार और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर उड़ान भरने में असमर्थ रहा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दौरा रद्द किया गया। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा, “मौसम खराब होने की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं। मैं आप सभी का क्षमाप्रार्थी हूं। यहां गुवाहाटी से ही आपसे संवाद संभव हुआ है। मैं दिल्ली से निकला था आपके पास आने के लिए लेकिन मुझे गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा और अब मैं यहां से आपके दर्शन भी कर रहा हूं और आपसे बात भी कर रहा हूं।”
पीएम मोदी ने कोकराझार में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों से जुड़कर परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि असम का विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकता है और मौसम की वजह से व्यक्तिगत रूप से न पहुंच पाने का दुख है लेकिन विकास कार्य रुकने नहीं चाहिए।
ये भी देखे: आज केरल और तमिलनाडु के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, 16,450 करोड़ रुपए का देंगे सौगात