पटना, 9 जून 2026: सूचना प्रावैधिकी विभाग ने विश्वभर में रह रहे बिहार मूल के लोगों को राज्य के विकास, नवाचार, निवेश एवं तकनीकी प्रगति से जोड़ने के लिए एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने आज doit.bihar.gov.in पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मिश्रा ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज विश्व के विभिन्न देशों, प्रतिष्ठित संस्थानों और अग्रणी संगठनों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे में उनकी विशेषज्ञता, अनुभव, सुझाव और निवेश क्षमता को बिहार के विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला बिहारी अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान देना चाहता है और राज्य सरकार उसे एक सशक्त मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वैश्विक बिहारी समुदाय राज्य सरकार के साथ सीधे जुड़कर अपने सुझाव, सहयोग प्रस्ताव, स्वयंसेवी योगदान एवं निवेश प्रस्ताव साझा कर सकेगा। यह मंच बिहार और वैश्विक बिहारी समुदाय के बीच एक प्रभावी संवाद एवं सहभागिता तंत्र के रूप में कार्य करेगा।
इस पोर्टल पर सहभागिता के लिए तीन प्रमुख विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति ‘चेंज मेकर’ के रूप में बिहार के विकास हेतु अपने विचार, सुझाव, विशेषज्ञता एवं नवाचार संबंधी प्रस्ताव साझा कर सकते हैं। ‘वॉलंटियर’ विकल्प के माध्यम से वे राज्य के विभिन्न विकासात्मक, सामाजिक एवं तकनीकी अभियानों में स्वयंसेवी सहयोग प्रदान कर सकते हैं।
मिश्रा ने बताया कि बिहार AI Summit 2026 के दौरान माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी ने राज्य से बाहर रह रहे बिहारवासियों का आह्वान करते हुए कहा था कि वे अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ जन्मभूमि के निर्माण में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा, “यह डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल सुझाव प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बिहार और विश्वभर में बसे बिहारी समुदाय के बीच एक सशक्त एवं स्थायी सेतु है। हम चाहते हैं कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला प्रत्येक बिहारी राज्य के विकास, निवेश, उद्यमिता, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन की यात्रा का सक्रिय भागीदार बने।”
ये भी देखे: दोषी अधिकारियों पर गिरेगी गाज, मंत्री नीतीश मिश्रा ने फास्ट ट्रैक जांच, फास्ट ट्रैक कार्रवाई के दिए निर्देश