दोहा, 22 जून 2026: कतर के प्रमुख रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में रविवार रात भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 54 कर्मचारी घायल हुए हैं। 18 अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब ईरान की बमबारी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के बाद कर्मचारी टर्मिनल में दोबारा परिचालन शुरू करने का प्रयास कर रहे थे।
दुनिया के प्रमुख प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल कतर के इस महत्वपूर्ण निर्यात केंद्र में हुए विस्फोट से वैश्विक ऊर्जा बाजारों में उथल-पुथल मचने की आशंका है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नाकेबंदी लगाए जाने के कारण कतर पहले ही अपने ग्राहकों को गैस आपूर्ति रोक चुका था।
शांति वार्ता के बीच ईरान द्वारा नाकेबंदी ढीली करने के बाद कतर ने निर्यात टर्मिनल को फिर से शुरू करने की कोशिश की थी। सरकारी कंपनी कतर एनर्जी ने बताया कि रविवार रात इसी कार्य के दौरान बरजान गैस संयंत्र में विस्फोट हुआ और आग लग गई।
ये भी देखे: स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर का जश्न मातम में बदला, बार में विस्फोट से 10 लोगों की मौत