नोएडा, 12 मार्च 2026: थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित बी-40 में बनी कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड की बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में आज सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में सुबह की शिफ्ट चल रही थी और करीब 341 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी घायल हो गए।
आग सुबह करीब 5:30 बजे लगी। शुरुआत में शॉर्ट सर्किट से धुआं उठा और जल्द ही आग ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कई लोग धुएं के कारण सांस लेने में असमर्थ हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना में 37 कर्मचारी झुलस गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया। आग लगने के दौरान कई कर्मचारियों ने खिड़कियां और शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों ने सीढ़ियां लगाकर कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
ये भी देखे: जींद में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 महिलाओं की मौत, 20 मजदूर झुलसे