खरड़ में गैस की किल्लत, घरेलू सिलेंडर भी नहीं मिल रहे, एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें

by Manu
खरड़ गैस

खरड़, 12 मार्च 2026: अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद वैश्विक स्तर पर तेल-गैस आपूर्ति प्रभावित होने से मोहाली जिले के खरड़ में गैस की भारी किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई तो पहले ही बंद हो चुकी है और अब घरेलू गैस सिलेंडर भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे।

स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले 20 दिनों से बुक किए गए घरेलू सिलेंडर अभी तक घरों तक नहीं पहुंचे हैं। इससे घरों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। कई परिवारों को खाना बनाने में कठिनाई हो रही है। सुबह-सुबह लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। कुछ उपभोक्ता दफ्तर खुलने से पहले ही पहुंच जाते हैं लेकिन सिलेंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं होती।

लोगों का कहना है कि गैस की ऑनलाइन बुकिंग भी ठीक से काम नहीं कर रही। गैस कंपनियों के पोर्टल और मोबाइल ऐप में बार-बार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को जानकारी के लिए खुद एजेंसी जाना पड़ रहा है। कई जगहों पर बुकिंग स्टेटस पेंडिंग दिखा रहा है लेकिन डिलीवरी नहीं हो रही।

खरड़ के निवासियों ने बताया कि कमर्शियल गैस बंद होने के बाद होटल रेस्तरां और छोटे ढाबे पहले ही प्रभावित हो चुके हैं। अब घरेलू स्तर पर भी संकट गहरा गया है।

ये भी देखे: मेरठ में तेल-गैस संकट से 50 हजार उद्योग प्रभावित, 8 हजार से ज्यादा ने उत्पादन घटाया, 50 यूनिटें बंद

You may also like