महाराष्ट्र TET पेपर लीक, SIT का बड़ा खुलासा, आगरा प्रिंटिंग प्रेस में सुरक्षा लापरवाही

by Manu
Maharashtra TET 2026

ठाणे, 29 जुलाई 2026: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले की जांच कर रही ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को कई अहम बातें हाथ लगी हैं। जांच में पता चला है कि आगरा की उस प्रिंटिंग प्रेस में जहां TET के प्रश्नपत्र छपे थे, सुरक्षा व्यवस्था बेहद ढीली थी। इन्हीं कमजोरियों का फायदा उठाकर प्रश्नपत्र कथित तौर पर प्रेस से बाहर निकाले गए।

SIT के अनुसार दिल्ली मुख्यालय वाली महिम पत्रण लिमिटेड की आगरा यूनिट पिछले कई सालों से महाराष्ट्र शिक्षा विभाग की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र छाप रही है। इस कंपनी ने देशभर की कई गोपनीय परीक्षाओं के पेपर भी छापे हैं।

जांच में सामने आया कि प्रिंटिंग प्रेस में बुनियादी सुरक्षा इंतजाम तक नहीं थे। संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे नहीं लगे थे और कर्मचारियों की आवाजाही की ठीक से जांच नहीं होती थी। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर गोपनीय दस्तावेज आसानी से बाहर ले जाए गए।

पुलिस का आरोप है कि कंपनी के कर्मचारी बाबूलाल कुशवाहा और नरेश महावर उर्फ निक्की ने TET के प्रश्नपत्र प्रेस से बाहर निकाले और उन्हें कंपनी के पूर्व कर्मचारी सोनू कुमार दिवाकर तक पहुंचाया। सोनू ने इनकी फोटोकॉपी कराई और मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता के कहने पर इन्हें अन्य आरोपियों तक पहुंचाया। ये आरोपी पेपर बेचने के लिए महाराष्ट्र आए थे।

सोमवार को भिवंडी अदालत में सरेंडर करने वाले सोनू कुमार दिवाकर को SIT ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को अदालत में पेशी के बाद कोर्ट ने उसे 2 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांच में यह भी पता चला कि सोनू ने 2018 में महिम पत्रण लिमिटेड की नौकरी छोड़ दी थी, लेकिन इसके बाद भी वह मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता के लगातार संपर्क में बना रहा।

ये भी देखे: संसद में हंगामा, पेपर लीक विधेयक पर आज दोपहर होगी चर्चा

You may also like