चंडीगढ़, 21 अगस्त 2026: अजनाला से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। उन्होंने पंजाब के सीमावर्ती जिलों पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर और खासकर अजनाला सब डिविजन में मॉनसून के दौरान आने वाली भीषण बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए एक ज्ञापन सौंपा। बैठक के दौरान, विधायक धालीवाल ने उज नदी पर बांध बनाने की पुरजोर मांग की, ताकि नदी के पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा सके और पंजाब को बार-बार आने वाली बाढ़ की तबाही से बचाया जा सके।
उपराज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि उज नदी के निचले इलाकों में स्थित होने के कारण, अजनाला और उसके आसपास के क्षेत्रों को मॉनसून के दौरान भारी बारिश और जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के कारण भीषण तबाही का सामना करना पड़ता है।
1988 के बाद 2023, 2025 और इस साल 2026 में आई विनाशकारी बाढ़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी कृषि भूमि को जलमग्न कर देता है, फसलें बर्बाद कर देता है और सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों व अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाता है। इसके अलावा, सीमा पर तैनात BSF और सेना के जवानों का संपर्क मार्ग भी कट जाता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी चिंता का विषय है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य सरकार हर साल आपातकालीन बाढ़ राहत, तटबंधों को मजबूत करने और जल निकासी प्रणाली को बेहतर बनाने पर भारी धनराशि खर्च करती है, लेकिन ये उपाय केवल अस्थायी होते हैं। इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है जब उज नदी पर बांध बनाया जाए और पानी का उचित प्रबंधन किया जाए।
ये भी देखे: भाजपा का शराब घोटाले के नाम पर बुना गया झूठ का जाल धराशायी, सत्य की जीत हुई – कुलदीप धालीवाल