एचआरटीसी बस पर तोड़फोड़ मामला: पंजाब पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

by Manu
एचआरटीसी बस पर तोड़फोड़ मामला

मोहाली, 21 मार्च: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पर 18 मार्च को पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ में हुए हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद बस में सवार यात्री, चालक और परिचालक में दहशत फैल गई थी, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ।

एचआरटीसी प्रबंधन के अनुसार, चंडीगढ़-हमीरपुर मार्ग पर चलने वाली यह बस मंगलवार शाम 6:15 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई थी। जब बस खरड़ के पास पहुंची, तो कुछ अज्ञात लोगों ने लाठी और डंडों से बस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बस की विंडस्क्रीन और कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, जिससे यात्री घबरा गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और गगनदीप सिंह (मुक्तसर साहिब निवासी) और हरदीप सिंह (भट्ठा साहिब, रोपड़ निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी कार भी बरामद कर ली है। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए कार की नंबर प्लेट पर कागज चिपका रखा था, लेकिन जांच के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हमले के पीछे की असली वजह क्या थी। इस घटना के बाद एचआरटीसी और प्रशासन ने बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया है।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, 26 मार्च को पेश होगा बजट

You may also like