शिमला, 31 मई 2025: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज शिमला में होने वाली कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और निर्णय की उम्मीद है। इस कैबिनेट बैठक को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह है, क्योंकि इसमें 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) को मंजूरी मिलने की संभावना है। सीएम सुक्खू ने अपने बजट भाषण में 15 मई 2025 से 3% DA देने की घोषणा की थी, और वित्तीय संसाधनों के जुटने पर इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।
वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को 42% DA मिल रहा है, जबकि केंद्रीय कर्मचारियों को 55% DA प्राप्त हो रहा है। इस 13% के अंतर को कम करने के लिए कर्मचारी लंबे समय से सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं। इस बैठक में DA वृद्धि के साथ-साथ बकाया DA पर भी चर्चा हो सकती है, खासकर 70 से 75 वर्ष की आयु के पेंशनर्स के लिए।
इसके अलावा, कैबिनेट बैठक में विमल नेगी मौत मामले की जांच प्रक्रिया और अफसरशाही में तालमेल की कमी जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु को 58 से बढ़ाकर 59 वर्ष करने और पेंशन कम्युटेशन (पेंशन का 15-40% एकमुश्त भुगतान) पर पुनर्विचार की सिफारिश की है। इन सुझावों पर मंत्रिमंडल अंतिम फैसला ले सकता है।
ये भी देखे: Himachal News: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीएम सुक्खू ने की सेना की तारीफ, कुल्लू दाैरा रद्द किया