हिमाचल CM सुक्खू ने रजनी पाटिल से की मुलाकात, कांग्रेस संगठन और भाजपा पर साधा निशाना

by Manu
सुक्खू

शिमला, 23 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव और हिमाचल कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में विस्तृत चर्चा की।

पत्रकारों से बातचीत में सीएम सुक्खू ने कहा कि रजनी पाटिल के साथ पार्टी को आगे ले जाने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस हाईकमान विचार कर रहा है। उन्होंने किसी भी नेता का नाम प्रस्तावित करने से इनकार करते हुए कहा कि उनके लिए सभी नेता समान हैं और पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। सुक्खू ने जोर देकर कहा कि पूरी पार्टी एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाईकमान जिसे भी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करेगा, उसे उनका पूरा समर्थन होगा।

इसके साथ ही सीएम ने विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। विधानसभा में नियम-67 के तहत चार दिन तक चर्चा हुई, लेकिन जवाब देने का समय आने पर विपक्ष ने वाकआउट कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नियम-67 का मुद्दा उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष तो सदन में आए ही नहीं। सुक्खू ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि हिमाचल को केंद्र से कोई राहत नहीं मिली है।

ये भी देखे: विपक्ष के आंदोलन को कुचलना लोकतंत्र के खिलाफ- सुखविंदर सिंह सुक्खू

You may also like