हादसे का शिकार हुए फौजा सिंह, पीएम नरेंद्र मोदी और भगवंत मान समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

by Nishi_kashyap
फौजा सिंह

चंडीगढ़,20 जुलाई,2025: दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक माने जाने वाले 114 वर्षीय फौजा सिंह को रविवार को उनके पैतृक गांव बीआस पिंड (जालंधर) में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। देशभर से लोग इस अंतिम दर्शन के लिए पहुँचे। युवाओं से लेकर बुज़ुर्गों तक हर कोई उन्हें श्रद्धा से निहार रहा था।

14 जुलाई की सुबह सैर के दौरान एक अज्ञात वाहन ने फौजा सिंह को टक्कर मार दी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के समय उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है की, आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जाँच की जा रही है।

लाखों लोगों के लिए प्रेरणा थे

अपने पिता को याद करते हुए फौजा सिंह के बेटे सुखजिंदर सिंह ने कहा की, “वो सिर्फ मेरे पिता नहीं थे, लाखों लोगों के लिए प्रेरणा थे। उन्होंने हमें सिखाया कि उम्र कभी भी मंजिल तय नहीं करती। ” उन्होने कहा, “मैं मार्च में मिलने आया था, उन्होंने साथ चलने को बोला था, उनकी बहुत याद आती है ”

सुखजिंदर ने बताया कि उन्होंने 89 की उम्र में दौड़ना शुरू किया था और अपने अंतिम समय तक दौड़ते रहे। हम गर्व के साथ उनका अंतिम संस्कार कर रहे हैं। उन्होने बताया कि उनके पिता सुबह की सैर को कभी नहीं छोड़ते थे, चाहे मौसम कैसा भी हो। “वो कहते थे कि शरीर को चलाते रहो, नहीं तो वो खुद को रोक लेगा। ”

उल्लेखनीय है की फौजा सिंह ने अपने जीवन में कई कीर्तिमान बनाए। उन्होंने टोरंटो, लंदन, न्यूयॉर्क समेत कई अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भाग लिया। 2012 में वे ओलंपिक टॉर्च रिले का हिस्सा बने। उन्हें ‘टर्बनड टॉरनैडो’ के नाम से जाना जाता था। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर फौजा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

यह भी पढ़ें: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्पों की बरसात, दूर-दूर तक गूंजे ‘हर हर महादेव’ के नारे

You may also like