कानपुर, 16 अप्रैल 2025: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी मां की उस समय चाकू घोंपकर हत्या कर दी जब वह सो रही थी। पुलिस ने बताया कि वह व्यक्ति अपनी मां से घर का स्वामित्व अपने नाम कराना चाहता था ताकि वह अपनी प्रेमिका से शादी कर सके।
जानिए क्या है पूरा मामला :
55 वर्षीय प्रमिला सिंह अपने बेटे राजा सिंह (28) के साथ रहती थीं। जो खेती करके अपना जीवन यापन करता था।
पुलिस ने बताया कि दस दिन पहले प्रमिला सिंह घर में हुई एक छोटी सी घटना में जल गई थीं। जिसके बाद वह अपनी बेटी के घर रहने चली गई थीं।पुलिस अधिकारी महेश कुमार ने बताया राजा का गांव की ही एक लड़की से प्रेम संबंध है। कुछ दिन पहले ही उनकी शादी तय हुई थी।
श्री कुमार ने बताया लड़की के परिवार ने शादी के लिए शर्त रखी थी कि घर राजा के नाम हो। हालांकि उसकी मां घर का स्वामित्व अपने बेटे के नाम नहीं करना चाहती थी।राजा बुधवार सुबह 9.45 बजे अपनी बहन प्रीतू के घर आया और उस कमरे में गया जहां उसकी मां सो रही थी। पुलिस ने बताया कि अंदर घुसते ही उसने उस पर चाकू से कई वार किए थे।
पुलिस ने बताया कि प्रमिला की चीख सुनकर प्रीतू दौड़कर आई और उसने देखा कि उसकी मां खून से लथपथ फर्श पर पड़ी है। उसने तुरंत पुलिस को फोन किया।राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में हाई-टेक धोखाधड़ी: साधु से 26 दिन में छीन लिए करोड़ों