हांसी में पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड, दो गिरफ्तार
जवाबी फायरिंग में लगी दोनों अपराधियों को गोली
नई दिल्ली, 11 जनवरी : पुलिस द्वारा अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विशेष तौर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत रोजाना कोई ना कोई नामी या मोस्ट वांटेड अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आ रहा है। आज ताजा मामले में हांसी पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय उर्फ अमन पुत्र बबलू निवासी भैणी अमीरपुर और राहुल पुत्र कृष्ण निवासी पेटवाड़ जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने 4 जनवरी को शाम करीब 6 बजे भैणी अमीरपुर निवासी साहिल पुत्र सुरेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्या के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में थी। स्पेशल स्टाफ हांसी पुलिस को गोकुल धाम गेट नंबर 1, नेशनल हाईवे पर आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण वह सुरक्षित रहा। घायल आरोपियों को नागरिक अस्पताल हांसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों को किसी भी तरह कोई भी गतिविधि नहीं करने दी जाएगी और हर समाज विरोधी पर सख्त कार्रवाई होगी।
हांसी में पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड, दो गिरफ्तार
जवाबी फायरिंग में लगी दोनों अपराधियों को गोली
66
previous post