चंडीगढ़, 25 सितंबर 2026: कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के दावों पर पलटवार किया. बिट्टू ने कहा था कि मुंडियां पंजाब छोड़कर अमेरिका चले गए हैं। मुंडियां ने तंज कसते हुए कहा कि बिट्टू ने अपनी टिकट कटने के बाद शायद कोई “ट्रैवल एजेंसी” खोल ली है और अब वे पंजाब के नेताओं को अमेरिका भेज रहे हैं।
अपने भतीजे के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया छापेमारी को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए मुंडियां ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान एक विधवा, बच्चों और एक गर्भवती औरत को परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि जनता में उत्साह पैदा करने में नाकाम रहने के बाद भाजपा अब डर का माहौल बनाकर चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को ईडी के छापों या धमकियों से नहीं डराया जा सकता। उन्होंने कहा कि, “हम पंजाबी हैं और हम डरने वाले नहीं हैं।”
मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री और आप पंजाब के नेता हरदीप सिंह मुंडियां ने रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा, “मैं यह प्रेस कॉन्फ्रेंस चंडीगढ़ में कर रहा हूं, अमेरिका में नहीं।” उन्होंने कहा कि बिट्टू बुधवार से दावा कर रहे थे कि वे अमेरिका चले गए हैं। उन्होंने कहा, “अपनी टिकट कटने के बाद, ऐसा लगता है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने समराला रोड पर एक ट्रैवल एजेंसी शुरू कर दी है और मेरी और मेरे भतीजे की अमेरिका की टिकट बुक कर दी है।”
कैबिनेट मंत्री ने ईडी द्वारा उनके भतीजे के घर पर की गई छापेमारी के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार पहले ही एक त्रासदी का सामना कर चुका है। जिसके बाद उनका भतीजा अपने बच्चों समेत लुधियाना आ गया था और परिवार के पालन-पोषण के लिए व्यवसाय शुरू किया था। हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा, “ईडी की तलाशी के दौरान एक विधवा और उसकी छोटी बेटी को परेशान किया गया और धमकाया गया।”
उन्होंने बताया कि यह तलाशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रही और बच्चों से पूछताछ की गई कि वे उनके साथ क्यों रहते हैं। उन्होंने कहा, “अधिकारियों ने परिवार को कहा कि वे मुझे संदेश दें कि मैं ‘आप’ छोड़ दूं और मेरा भतीजा मेरा समर्थन करना बंद कर दे, क्योंकि ‘आप’ एक ‘गलत पार्टी’ है। यह बात सवाल खड़े करती है कि इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ जांच करना है या राजनीतिक दबाव बनाना है।”
ये भी देखे: पंजाब में अर्बन एस्टेट के लिए जमीन की तलाश शुरू: हरदीप सिंह मुंडियां